रायगढ़। अग्रवाल समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को आज छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 19 सितंबर 2026 को अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ-2026 में अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद अग्रवाल समाज में हर्ष का माहौल है।
अग्रवाल समाज द्वारा लंबे समय से महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने की मांग की जा रही थी। अंबिकापुर में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के दो दिवसीय अग्र महाकुंभ में समाज की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न मांगें रखी गईं। इसी दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी व प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम की रही अहम भूमिका
रायगढ़ के समाजसेवी एवं अग्रोहा धाम चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी तथा भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दीपक डोरा ने मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार जताया।
दीपक डोरा ने बताया कि उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम के समक्ष भी अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश का प्रस्ताव रखा था। दोनों मंत्रियों ने इस मांग को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष प्रमुखता से रखा, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने आज अग्र महाकुंभ के मंच से सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस निर्णय में वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं मंत्री रामविचार नेताम की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
पाठ्यक्रम में महाराजा अग्रसेन की जीवनी शामिल करने की भी घोषणा
अग्र महाकुंभ में मुख्यमंत्री ने अग्रवाल समाज की एक अन्य मांग पर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी की जीवनी को माध्यमिक स्तर के पाठ्यक्रम में शामिल करने के लिए प्रस्तावित करने की बात कही।
समाज की ओर से इसे महाराजा अग्रसेन के जीवन, उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया है।
“अग्रवाल समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरव का क्षण” — दीपक डोरा
दीपक डोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा अग्रवाल समाज के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग को सरकार ने संवेदनशीलता के साथ स्वीकार किया है।
उन्होंने रायगढ़ के समस्त अग्रवाल बंधुओं की ओर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय समाज की भावनाओं और लंबे समय से चली आ रही मांग के सम्मान का प्रतीक है।
अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ में हुई इस घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ के अग्रवाल समाज में उत्साह का माहौल है और इसे महाराजा अग्रसेन जयंती से जुड़ी लंबे समय से चली आ रही मांग की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।








