रायगढ़। शहर के पीएमश्री नटवर स्कूल में गुरुवार को माहौल उस वक्त गरमा गया जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता स्कूल परिसर में घुसकर जोरदार प्रदर्शन करने लगे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन लगातार हिंदू देवी-देवताओं का अपमान कर रहा है और सनातन धर्म विरोधी गतिविधियां हो रही हैं।
सूत्रों के अनुसार हाल ही में स्कूल परिसर में देवी-देवताओं के पोस्टर फाड़कर फेंके जाने की घटना से कार्यकर्ताओं में गहरी नाराज़गी थी। इसी को लेकर 11 सितंबर को करीब दर्जन भर एबीवीपी कार्यकर्ता स्कूल गेट पर जुटे और जमकर नारेबाजी की। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार विरोध प्रदर्शन के दौरान वे अंदर हॉल तक पहुंच गए और कुर्सियों, गमलों समेत अन्य सामान को तोड़फोड़ भी की।
इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही सनातन धर्म विरोधी का आरोप लगाते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और बाद में कोतवाली थाने में लिखित शिकायत भी सौंपी।
शाम को स्कूल प्राचार्य ने एसपी कार्यालय पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने एबीवीपी नेता सौरभ नामदेव सहित अन्य कार्यकर्ताओं पर धारा 324(3), 332(c), 3(5) और 351(2) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर लिया।
घटना के बाद स्कूल के क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।















