रायगढ़। अंत्योदय राशन कार्डधारी परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत चीनी नहीं मिलने और बाजार में बढ़ते दामों के विरोध में रायगढ़ जिला कांग्रेस ने बुधवार, 9 सितंबर को ‘चीनी सत्याग्रह’ किया। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर आयोजित इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ता केतली, फीकी चाय और नमकीन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए सरकार से अंत्योदय परिवारों को जल्द चीनी उपलब्ध कराने की मांग की।

पांच महीने से चीनी नहीं मिलने का आरोप
जिला कांग्रेस का आरोप है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत अंत्योदय राशन कार्डधारी परिवारों को मिलने वाली चीनी पिछले करीब पांच महीनों से उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गरीब परिवारों के लिए राशन व्यवस्था में मिलने वाली चीनी की नियमित आपूर्ति जरूरी है।
वहीं, बाजार में चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा। पार्टी का कहना है कि बढ़ती कीमतों के कारण आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
फीकी चाय और केतली लेकर पहुंचे कार्यकर्ता
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर एकत्र हुए फिर कलेक्ट्रेट परिसर पहुचें। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने फीकी चाय पिलाकर विरोध जताया। हाथों में केतली और चाय-नमकीन लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को भी फीकी चाय ऑफर की और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया कि जब गरीब परिवारों को राशन में मिलने वाली चीनी ही उपलब्ध नहीं होगी, तो उनके लिए चाय भी फीकी रह जाएगी।

खाद्य विभाग को सौंपा ज्ञापन
सत्याग्रह और प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने
कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अंत्योदय परिवारों को PDS के माध्यम से तत्काल चीनी उपलब्ध कराने तथा बाजार में बढ़ती चीनी की कीमतों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

‘गरीबों के हक की सुविधाएं मिलनी चाहिए’
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के हित में योजनाओं और घोषणाओं की बात करती है, लेकिन अंत्योदय परिवारों को उनके राशन में मिलने वाली चीनी लंबे समय से नहीं मिल रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन केवल चीनी की उपलब्धता का मुद्दा नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाली सुविधाओं और बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज उठाने का प्रयास है। कांग्रेस ने सरकार से अंत्योदय परिवारों की समस्या का तत्काल समाधान करने और बाजार में चीनी के बढ़ते दामों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।








