• शहर में आध्यात्मिक और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ अनुष्ठान…
रायगढ़। सेवा भारती समिति के मार्गदर्शन में महिला समन्वय द्वारा आयोजित अखण्ड ऊं नमः शिवाय जाप कार्यक्रम का आज 24 अगस्त सोमवार को विधि विधान और पूर्ण भक्ति भाव के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस धार्मिक आयोजन के दौरान पूरे रायगढ़ नगर का वातावरण शिवमय प्रतीत हुआ एवं मंत्रोच्चार से गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंतिम दिन की शुरुआत 21 जोड़ों के साथ रुद्राभिषेक से हुई, जिसमें रायगढ़ के आदरणीय महापौर श्री जीवर्धन चौहान जी भी उपस्थित रहे। रुद्राभिषेक के पश्चात विशेष पूजा अर्चना, हवन एवं महा आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे शिव भक्तों ने आहुति दी और भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख शांति और समृद्धि की कामना की। अनुष्ठान की पूर्णता पर उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस अष्ट दिवसीय अनुष्ठान में लगभग 225 वैवाहिक जोड़ों ने रुद्राभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। संचालन समिति की गणना के अनुसार लगभग एक करोड़ 31 लाख ऊं नमः शिवाय जाप किया गया।
इस अष्ट दिवसीय भव्य आयोजन के अंतर्गत उज्जैन से पधारे महाकाल सरकार फेम श्री सन्नी अलबेला जी की भजन संध्या, भगवान भोलेनाथ जी का भस्म श्रृंगार एवं महारती, काशी/हरिद्वार की तर्ज पर गंगा आरती, शिव-पार्वती विवाह जैसे उत्कृष्ट कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
संचालन समिति के सदस्य श्रीमती हेमलता चौहान, श्रीमती स्नेहा तिवारी, श्रीमती सुजाता साहू, श्रीमती विनीता अग्रवाल, श्रीमती किरण चौहान, श्रीमती निवदिता पटनायक, श्रीमती सोहिता बाजपेई, श्री चक्रधर पटेल, श्री रवि सिंह, श्री रंजन जयसवाल एवं अन्य सदस्यों ने रायगढ़ की धर्म प्रेमी जनता, माता, बहनों एवं युवाओं का हार्दिक आभार प्रकट किया है कि उन्होंने इस कार्यक्रम में तत्परता से भाग ले कार्यक्रम को सफल बनाया।
महिला समन्वय भविष्य में भी देश हित एवं समाज के हित में संस्कारित कार्य करने को तत्पर रहेगी।








