रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी सुपा मंडल के सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत लिंजीर में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित “नमो वाटिका” का शुभारंभ किया गया। 5 एकड़ के बड़े भू-भाग में वृहद पैमाने पर फलदार वृक्षों का रोपण कर इस अभियान की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर समाजसेवा और मानवता की मिसाल प्रस्तुत करते हुए ग्राम के गोविंद डनसेना एवं कमला डनसेना ने देहदान का संकल्प लिया। इस प्रेरणादायी पहल पर *देवकी रामधारी फाउंडेशन के चेयरमेन दीपक डोरा ने दोनों का मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया और कहा कि “देहदान जैसे पुण्य कार्य से समाज को नई दिशा मिलती है। यह कदम न केवल दूसरों के जीवन को संवारता है बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता है।”
कार्यक्रम में विशेष रूप से रायगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दिवान, सुपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप पटेल, महामंत्री कमलधर नायक एवं गौतम गुप्ता, समाजसेवी कमल शर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ग्रामवासियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में हुए इस वृक्षारोपण कार्यक्रम ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि समाजसेवा और त्याग की मिसाल भी कायम की।

















