घरघोड़ा। शासकीय महाविद्यालय घरघोड़ा में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव-2025 के उपलक्ष्य में आयोजित एकदिवसीय संगोष्ठी एवं कार्यशाला में विकास और सशक्त भविष्य की गूंज सुनाई दी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान ने “विकसित छत्तीसगढ़ विजन@2047” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत की।
दीवान ने कहा कि “छत्तीसगढ़ ने 25 वर्ष में जिस विकास यात्रा को तय किया है, आने वाले 22 वर्षों में हमें इसे दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ाना होगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, युवा शक्ति और सांस्कृतिक धरोहर हमारे विजन का आधार हैं।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नवाचार और कौशल विकास को अपनाकर प्रदेश को आत्मनिर्भर और राष्ट्र निर्माण की धुरी बनाने में भागीदारी निभाएँ।
संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यार्थी और बुद्धिजीवी वर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यशाला में नए भारत और नए छत्तीसगढ़ के निर्माण पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम का संचालन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ और अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि विजन@2047 के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को विकसित राज्यों की श्रेणी में अग्रणी बनाया जाएगा।











