रायगढ़। जिले में बीती रात जंगल से आई बड़ी खुशखबरी ने ग्रामीणों को उत्साहित कर दिया। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के केराबाहर गांव के खेत में मादा हाथी ने रात लगभग 3 बजे एक स्वस्थ शावक को जन्म दिया। जैसे ही सुबह ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी हुई, बड़ी संख्या में लोग नन्हें हाथी को देखने मौके पर पहुंच गए।
गांव में उत्साह का माहौल
ग्रामीणों ने इस खुशी को भगवान गणेश से भी जोड़ते हुए इसे शुभ संकेत बताया। ग्रामीणों का मानना है कि इन दिनों पूरे क्षेत्र में गणेश उत्सव मनाया जा रहा है और इसी दौरान गांव में हाथी शावक का जन्म होना सौभाग्य का प्रतीक है।
ग्रामीणों का कहना है कि नन्हें शावक को देखकर सभी का मन प्रसन्न हो गया है और यह पल पूरे गांव के लिए यादगार बन गया है।
वन विभाग की निगरानी
ग्रामीणों की सूचना पर सुबह ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने बताया कि मां और शावक दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अधिक भीड़ न लगाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि हाथी परिवार को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में वर्तमान में 36 हाथियों का दल मौजूद है। इनमें से ही एक मादा हाथी ने शावक को जन्म दिया है। शावक को अब उसके दल से मिला दिया गया है और पूरे दल पर सतत निगरानी रखी जा रही है।












