रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर में सोमवार को दो अलग-अलग जगहों पर बोरी में भरी हुई लाशें बरामद हुईं। संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिलने से दोनों शहरों में सनसनी फैल गई है। पुलिस दोनों मामलों की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।
रायपुर: बोरी में युवक की लाश, सिर पर चोट के निशान
राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बोरी में भरी एक युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों ने जब बोरी में लाश देखी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू की। युवक के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
बिलासपुर: नदी किनारे बोरी में महिला का शव
उधर न्यायधानी बिलासपुर के शिवटिकरी गांव में नदी किनारे बोरी में महिला की लाश बरामद हुई। शव को तार और पत्थरों से बांधा गया था, जिससे साफ है कि किसी ने हत्या के बाद सबूत छिपाने की कोशिश की है। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने भी हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई। मृतका की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
पुलिस जांच जारी, इलाके में दहशत
दोनों मामलों ने राजधानी और न्यायधानी के लोगों को हिला कर रख दिया है। रायपुर और बिलासपुर पुलिस हत्या की एंगल से जांच कर रही है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों मामलों का खुलासा किया जाएगा।












