रायगढ़। जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। जहां 20 किसानों की फसलों को बर्बाद कर दिया, वहीं बाकरूमा रेंज के साजापाली गांव में एक दंतैल हाथी ने दो ग्रामीणों के मकान तोड़ डाले। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल में इस समय 115 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं, जिनमें 29 नर, 50 मादा और 36 शावक शामिल हैं। इन्हीं में से एक दल ने बीती रात किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। बताया गया है कि कोयलार व प्रेमनगर में 3-3, रूवाफूल में 1, सिंघीझाप में 3, छाल, गड़ईनबहरी और बोजिया में 8, धौराभांठा में 3 तथा मदनपुर में 2 किसानों की फसल हाथियों ने उजाड़ दी।
मकान तोड़कर खा गया धान
इसी बीच बाकरूमा रेंज के साजापाली गांव में जंगल से भटककर पहुंचे एक दंतैल हाथी ने बुधनाथ मांझी का मकान तोड़ डाला। घटना रात करीब 1:30 बजे की है। घर को तोड़ने के बाद हाथी वहां रखा धान खा गया। गनीमत रही कि हादसे के समय बुधनाथ मांझी और उनका परिवार घर छोड़कर पास के गली में पड़ोसियों के यहां छिप गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मुआवजे की कार्रवाई होगी
वन विभाग ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दी है। नुकसान का आकलन कर पीड़ित किसानों व मकान मालिकों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
गांव वालों का कहना है कि हाथियों के लगातार विचरण से रातों की नींद हराम हो चुकी है और डर के साए में वे खेतों और घरों में समय गुजारने को मजबूर हैं।












