Monday, May 25, 2026
HomeNewsनौतपा की ‘अग्नि परीक्षा’ शुरू: छत्तीसगढ़ में आसमान उगलेगा आग, 46°C तक...

नौतपा की ‘अग्नि परीक्षा’ शुरू: छत्तीसगढ़ में आसमान उगलेगा आग, 46°C तक पहुंचेगा पारा, रायगढ़ समेत कई जिलों में हीटवेव अलर्ट…

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने अब खतरनाक रूप लेना शुरू कर दिया है। सोमवार से नौतपा की शुरुआत के साथ ही प्रदेश में आसमान मानो ‘आग’ उगलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव जैसे हालात बने रह सकते हैं। तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।

रायगढ़ समेत कई शहरों में देर रात तक गर्म हवाएं चल रही हैं। हालात ऐसे हैं कि रात में भी लोगों को लू जैसा एहसास हो रहा है। बढ़ती गर्मी का असर अब लोगों की दिनचर्या, स्वास्थ्य और बिजली खपत पर साफ दिखाई देने लगा है।

भारतीय पंचांग के अनुसार सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है। मान्यता है कि इन नौ दिनों में सूर्य की किरणें पृथ्वी पर सबसे अधिक प्रभाव डालती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार नौतपा के शुरुआती दिनों में ही प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में आ सकता है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, कई जिलों में 44 डिग्री पार

रविवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ समेत कई जिलों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है।

रायगढ़ में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रायगढ़ में सोमवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

डॉक्टरों ने दी सतर्क रहने की सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि लापरवाही बरतने पर डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

गर्मी से बचने के लिए जरूरी सावधानियां

• ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं

• धूप में निकलते समय सिर और चेहरा ढकें

• हल्के और सूती कपड़े पहनें

• खाली पेट घर से बाहर न निकलें

• दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में जाने से बचें

• बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें

प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले कुछ दिन बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, ऐसे में सावधानी और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव मानी जा रही है।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Popular Articles