Saturday, May 9, 2026
HomeNewsपहाड़ मंदिर में ऐतिहासिक भूमिपूजन संपन्न: नवनिर्माण समिति ने वित्त मंत्री ओपी...

पहाड़ मंदिर में ऐतिहासिक भूमिपूजन संपन्न: नवनिर्माण समिति ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी और जनसहभागिता के लिए जताया आभार…

  • 51 फीट ऊंची भव्य श्री बजरंगबली प्रतिमा निर्माण अभियान को मिला शहरवासियों का व्यापक समर्थन…

रायगढ़। गजमार पहाड़ स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर में 51 फीट ऊंची भव्य कांस्य श्री बजरंगबली प्रतिमा स्थापना के लिए गुरुवार को आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम ऐतिहासिक और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की सफलता के बाद पहाड़ मंदिर नवनिर्माण समिति ने रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालुओं और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

समिति की ओर से अध्यक्ष पवन अग्रवाल, सचिव मनोज शर्मा, कोषाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, सुशील मित्तल, दीपक डोरा, विकास केडिया, कल्पेश पटेल, बलबीर शर्मा, उमेश थवाईत, राजू हिंदुजा, चक्रधर पटेल, एस डी यादव सहित अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि पूरे रायगढ़ की आस्था, एकता और जनभावना का प्रतीक बन गया। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ शहरवासियों ने सहभागिता निभाई, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि गजमार पहाड़ पर बनने वाली बजरंगबली प्रतिमा पूरे रायगढ़ का सामूहिक सपना है।

समिति पदाधिकारियों ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी को स्मृति चिन्ह भेट किया और विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह ऐतिहासिक कार्य नई दिशा में आगे बढ़ा है। भूमिपूजन कार्यक्रम उनके करकमलों से वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा पहाड़ मंदिर परिसर “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोषों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाज प्रमुखों, स्वयंसेवकों, युवाओं और नागरिकों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

समिति ने बताया कि प्रस्तावित प्रतिमा लगभग 51 फीट ऊंची और करीब 10 टन वजनी होगी, जिसका निर्माण कांस्य मिश्रित धातु से किया जाएगा। विशेष बात यह है कि नई संसद भवन में स्थापित अशोक स्तंभ का निर्माण करने वाले शिल्पकारों की टीम ही इस भव्य बजरंगबली प्रतिमा का निर्माण करेगी। इससे रायगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई धार्मिक पहचान मिलने की उम्मीद है।

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि यह प्रतिमा आने वाले समय में रायगढ़ का प्रमुख लैंडमार्क और धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगी। गजमार पहाड़ पहले से ही श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है और अब भव्य प्रतिमा स्थापना के बाद यहां प्रदेशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना बढ़ेगी। इससे स्थानीय पर्यटन, रोजगार और छोटे व्यापारों को भी नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान ड्रोन के माध्यम से आकाश में हनुमान स्वरूप की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण ने पूरे आयोजन को और अधिक दिव्य बना दिया। भूमिपूजन के बाद आयोजित विशाल महाभंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

समिति ने बताया कि प्रतिमा निर्माण अभियान पूरी तरह जनसहभागिता और पारदर्शिता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। शहर के विभिन्न समाजों, संस्थाओं, पार्षदों और टोली प्रमुखों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। आने वाले दिनों में समिति के सदस्य घर-घर पहुंचकर लोगों को इस अभियान की जानकारी देंगे और जनसहयोग का आग्रह करेंगे।

समिति ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में सहयोग राशि केवल डिजिटल माध्यम और स्कैनर के जरिए ही स्वीकार की जाएगी। नकद दान नहीं लिया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

पहाड़ मंदिर नवनिर्माण समिति ने अंत में कहा कि यह अभियान किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं बल्कि पूरे रायगढ़ की श्रद्धा और सहभागिता का अभियान है, जिसे सभी के सहयोग और आशीर्वाद से ऐतिहासिक स्वरूप मिलेगा।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Popular Articles