Friday, May 8, 2026
HomeNewsरायगढ़ में भारत विकास परिषद का गठन: समाज सेवा और संस्कार आधारित...

रायगढ़ में भारत विकास परिषद का गठन: समाज सेवा और संस्कार आधारित गतिविधियों को मिलेगा नया विस्तार…

रायगढ़। शहर में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों को नई दिशा देने के उद्देश्य से गुरुवार को आरएसएस कार्यालय रायगढ़ में भारत विकास परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषद के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में रायगढ़ इकाई के गठन की घोषणा की गई। इस दौरान संगठन के उद्देश्य, सेवा गतिविधियों और आने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य रूप से भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य (संस्कार) धर्मेंद्र कुमार कुदेशिया, क्षेत्रीय सेवा प्रमुख महेश गुप्ता, प्रांतीय अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं प्रांतीय महासचिव मुरारी काबरा उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से रायगढ़ इकाई के लिए मुकेश गोयल को अध्यक्ष, संजय अग्रवाल को सचिव तथा दीपक अग्रवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही आगामी समय में संगठन के विस्तार और विभिन्न गतिविधियों के संचालन हेतु कई अन्य सदस्यों को भी जिम्मेदारियां सौंपे जाने पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर धर्मेंद्र कुमार कुदेशिया ने भारत विकास परिषद के संस्कार आधारित कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि परिषद देशभर में समाज के प्रबुद्ध एवं समर्पित लोगों को जोड़कर सेवा, संस्कार, सहयोग और समर्पण की भावना के साथ कार्य करती है। उन्होंने कहा कि परिषद द्वारा राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता, भारत को जानो प्रतियोगिता, गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं में राष्ट्रभावना और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाती है।

क्षेत्रीय सेवा प्रमुख महेश गुप्ता ने परिषद की सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन देशभर में स्वास्थ्य सेवा, दिव्यांग सहायता, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर एवं विभिन्न सामाजिक अभियानों के माध्यम से निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ इकाई भी आने वाले समय में समाजहित के कई रचनात्मक कार्य करेगी।

प्रांतीय अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि भारत विकास परिषद केवल एक संगठन नहीं बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक परिवार है, जो सेवा और संस्कार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है। वहीं प्रांतीय महासचिव मुरारी काबरा ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में रायगढ़ से दीपक डोरा, मुकेश गोयल, संजय अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, महावीर गुप्ता, राम प्रताप सिंह, देबाशीष सरकार, विनय गोयल, उपेन्द्र सिंह गौतम, सुरेश गुप्ता, राजकुमार भारद्वाज, दिव्यांशु शर्मा और दिव्यम अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को शहर में मजबूत आधार देने और समाजहित में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक के दौरान यह भी तय किया गया कि आने वाले समय में भारत विकास परिषद रायगढ़ द्वारा सेवा, संस्कार, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में सकारात्मक सामाजिक वातावरण को बढ़ावा मिल सके।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Popular Articles