रायगढ़। शहर के प्रमुख आस्था केंद्र पहाड़ मंदिर में अब भव्यता का नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। यहां प्रस्तावित 51 फीट ऊंची श्री बजरंगबली जी की विशाल प्रतिमा की स्थापना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पहाड़ मंदिर नवनिर्माण समिति द्वारा लगातार बैठकें आयोजित कर समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
इसी कड़ी में बुधवार को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पूर्वांचल के लोग और पहाड़ मंदिर के भक्तगणों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 7 मई को होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पहाड़ मंदिर को एक विकसित धार्मिक धाम के रूप में तैयार करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इस योजना का मुख्य आकर्षण 51 फीट ऊंची बजरंगबली प्रतिमा होगी, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के करकमलों से संपन्न होगा। समिति द्वारा इस आयोजन में सभी समाजों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यह कार्यक्रम सामूहिक आस्था, एकता और सहयोग का प्रतीक बन सके।
बैठक में समिति के सदस्य बाबूलाल अग्रवाल, दीपक डोरा, कल्पेश पटेल, राजू हिंदुजा सहित मंदिर के पुजारी और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल धार्मिक आस्था को नई ऊंचाई देगी, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करेगी। आने वाले समय में पहाड़ मंदिर एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होकर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा।










