Thursday, April 2, 2026
HomeNewsहनुमान जन्मोत्सव पर रायगढ़ में भक्ति और शौर्य का अद्भुत संगम: भव्य...

हनुमान जन्मोत्सव पर रायगढ़ में भक्ति और शौर्य का अद्भुत संगम: भव्य अखाड़ा शोभायात्रा से गूंजा शहर, जय श्रीराम के जयकारों से माहौल हुआ भक्तिमय…

रायगढ़। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 को शहर में भक्ति, उत्साह और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। बजरंग दल जिला इकाई, रायगढ़ द्वारा आयोजित विशाल “श्री हनुमान अखाड़ा शोभायात्रा” ने पूरे शहर को भक्तिमय रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:00 बजे रामलीला मैदान से हुई, जहाँ से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा भगवा ध्वज दिखाकर किया गया। इस अवसर पर प्रांत बलोपासना प्रमुख अखिलेश भारती मुख्य रूप से उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा और सामाजिक संगठन उपस्थित रहे।

बजरंग दल के जिला संयोजक अमितेश गर्ग और नगर संयोजक शुभम यादव ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य समाज में धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाना और भगवान हनुमान के पराक्रम व आदर्शों का स्मरण कराना है।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा

रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर शोभायात्रा घड़ी चौक, हंडी चौक, हटरी चौक, गांजा चौक, चांदनी चौक, नरसिंह मंदिर, गद्दी चौक, सुभाष चौक और गांधी प्रतिमा चौक से होते हुए आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और जय श्रीराम तथा बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

गतका और शौर्य प्रदर्शन ने बढ़ाया आकर्षण

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न चौक-चौराहों पर अकाल पूरख की फौज गतका अखाड़ा द्वारा शानदार गतका प्रदर्शन किया गया। वहीं बजरंग दल के युवाओं ने तलवारबाजी और लाठीबाजी जैसे शौर्य प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

भव्य रथ बना केंद्र बिंदु

शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण सुसज्जित भव्य रथ रहा, जिसमें विराजित हनुमान जी और बाल हनुमान की जीवंत झांकी ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। लोग जगह-जगह रुककर आरती उतारते और पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत करते नजर आए।

सामाजिक संस्थाओं ने किया स्वागत

यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए, जहाँ शोभायात्रा का अभिनंदन कर आरती और प्रसाद वितरण किया गया।

राम मंदिर में हुआ भव्य समापन

शोभायात्रा का भव्य समापन गांधी गंज स्थित श्री राम मंदिर में हुआ, जहाँ विशेष आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के जाने-माने चिकित्सक एवं मेट्रो हॉस्पिटल के डायरेक्टर प्रकाश मिश्रा, बजरंग अग्रवाल (सूरजपुर), मुकेश मित्तल (कालनोरीया), डॉ. प्रभात पटेल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं संत समाज से भुज बधान तालाब राम मंदिर के प्रमुख मिथिला शरण जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की।

अंत में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संस्थाओं, प्रशासन और नगरवासियों के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही उन्होंने आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और अधिक भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने का संकल्प भी व्यक्त किया।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Popular Articles