चैत्र नवरात्र की सप्तमी पर शहर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब आयुष मेडिकल की संचालिका आदरणीय संतोष शर्मा के नेतृत्व में भव्य मां शाकंभरी चुनरी यात्रा निकाली गई।
सुबह से ही गद्दी चौक स्थित निवास स्थान पर भक्तों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की गूंज के बीच यात्रा का शुभारंभ हुआ। महिलाओं ने सिर पर कलश और हाथों में निशान लेकर पूरे शहर में आस्था की अलख जगाई।
यह भव्य यात्रा गद्दी चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए राजीव नगर स्थित मां शाकंभरी मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का समापन हुआ।
आयोजनकर्ता संतोष शर्मा ने बताया कि वे पिछले 6 वर्षों से इस धार्मिक आयोजन को निरंतर कर रही हैं। इस वर्ष भी 24 मार्च को सुबह सुंदरकांड पाठ और शाम 6 बजे मंगल पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें शहरवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए मां शाकंभरी से आशीर्वाद मांगा गया।
यात्रा में बड़ी संख्या में समाज और शहर की महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती प्रदान करने वाला रहा।











