- 60 समाजों का संगम, कटप्पा और पंजाब बैंड के साथ रायगढ़ रचेगा नया इतिहास…
रायगढ़। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर 27 मार्च को रायगढ़ एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
शहर के कोने-कोने में झंडे, बैनर, तोरण और आकर्षक लाइटिंग से ऐसा माहौल बन गया है कि पूरा रायगढ़ राममय नजर आ रहा है। कला और संस्कृति की धानी इस नगरी में रामभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
60 से अधिक समाज और संस्थाएं होंगी शामिल…
आयोजन समिति के अनुसार, वर्ष 2014 से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा आज रायगढ़ की पहचान बन चुकी है। इस बार 54 से बढ़कर 60 से अधिक समाज, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों की सहभागिता से यह आयोजन और भी भव्य रूप ले चुका है। प्रत्येक समाज अपनी आकर्षक झांकियों के साथ शामिल होगा, जो एकता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश देंगी।
ये रहेंगे आकर्षण के केंद्र….
इस वर्ष शोभायात्रा में मनोरंजन और रोमांच का विशेष संगम देखने को मिलेगा। प्रमुख आकर्षणों में पंजाब पाइप बैंड, कालाहांडी का कटप्पा प्रदर्शन, सुआ एवं पंथी नृत्य, कोलकाता के कार्टून कलाकार, आदिवासी नृत्य दल तथा अखाड़ेबाजी के रोमांचक प्रदर्शन शामिल रहेंगे।
सुरक्षा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद…
शहर के नटवर स्कूल मैदान से रामलीला मैदान तक निकलने वाली इस यात्रा के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा, वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करेंगे। साथ ही 3–4 स्थानों पर एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम उपलब्ध रहेगी तथा नगर निगम द्वारा विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
रामलीला मैदान में होगा भव्य समापन….
शोभायात्रा का समापन रामलीला मैदान में होगा, जहां विशाल महाभंडारा आयोजित किया जाएगा। प्रभु श्रीराम की भव्य आरती के साथ हजारों रामभक्त एक साथ भक्ति में लीन नजर आएंगे।
एकता, आस्था और संस्कृति का महापर्व…
रायगढ़ में निकलने वाली यह शोभायात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एकता, आस्था और सांस्कृतिक गौरव का महापर्व बन चुकी है। इस बार पूरा शहर इतिहास रचने को तैयार है—जहां हर गली, हर चौक श्रीराम के जयघोष से गूंजेगा।
जय श्रीराम! 🚩
















