रायगढ़ जिले में आज सुबह फिर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं का सफर मातम में बदल गया। घटना की जानकारी के अनुसार सक्ती जिले के डभरा गांव निवासी 30 वर्षीय संजू सिदार अपने रिश्तेदार मंजू सिदार (28) और एक 5 साल के बच्चे के साथ मिट्ठुमुड़ा आया हुआ था। बुधवार सुबह करीब 8 बजे तीनों बाइक पर सवार होकर कोसमनारा की ओर जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में एक तेज़ रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
सूत्रों के अनुसार हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार बढ़ती आवाजाही से दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। खासकर सुबह-शाम के समय जब श्रद्धालु बड़ी संख्या में बाबा धाम आते-जाते हैं, तब यह रास्ता बेहद खतरनाक हो जाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर और सख्त निगरानी की मांग की है, ताकि श्रद्धालु और आम नागरिक सुरक्षित रह सकें।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।













