रायगढ़। शहर में बढ़ती ठंड के बीच जरूरतमंदों को सर्दी से राहत दिलाने के उद्देश्य से ब्राह्मण सेवा समिति एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला सेवा समिति रायगढ़ द्वारा भगवान श्री परशुराम मंदिर प्रांगण में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान की दीदियों व अन्य जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर उनकी सेवा और समर्पण को सम्मान दिया गया।
समिति की अध्यक्ष श्रीमती मीरा विजय शर्मा ने बताया कि उनकी समिति द्वारा पूरे वर्ष समाजहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा “कंबल वितरण का उद्देश्य केवल बांटना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कंबल वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुँचे। जब सुबह स्वच्छता दीदियाँ वही कंबल ओढ़कर आती हैं, तो हमें सच्ची सफलता का एहसास होता है।”
कार्यक्रम के पश्चात बचे हुए कंबलों को रात्रि में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर के अन्य स्थलों पर भ्रमण कर वहाँ मौजूद जरूरतमंदों को भी वितरित किया गया।
इस सेवा कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष श्रीमती मीरा विजय शर्मा के साथ उनकी सक्रिय टीम श्रीमती पुष्प लता शर्मा (अध्यक्ष, राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ महिला प्रकोष्ठ, जिला रायगढ़), ममता शर्मा, पुष्पा शर्मा, निधि शर्मा, सुनीता शर्मा, मंजू शर्मा, सुमित्रा शर्मा, निशा शर्मा तथा राजेश शर्मा की महत्वपूर्ण उपस्थिति एवं सहयोग रहा।
इस पहल ने न केवल शहर में सेवा और मानवता की मिसाल पेश की, बल्कि यह भी दर्शाया कि ठंड के मौसम में एक कंबल सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की गर्माहट है।



















