बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में शुक्रवार देर रात आगजनी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। पैसों के विवाद को लेकर एक रिकवरी एजेंट ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंपनी के दफ्तर में पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। आगजनी में दफ्तर का मुख्य दरवाजा जलकर खाक हो गया। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र के विनोबानगर स्थित रिलायबल कंपनी के ऑफिस का है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी रिकवरी एजेंट अनुराग पटेल का कंपनी मालिक से लगभग डेढ़ लाख रुपए की रिकवरी राशि को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ऑफिस पहुंचकर पेट्रोल डालकर दरवाजे में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
रात के समय ऑफिस स्टाफ को सूचना मिली कि दफ्तर में आग लगी हुई है। जब तक आग बुझाई जाती, दफ्तर का दरवाजा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश जारी है।












