• रायगढ़ में तपिश बढ़ी, लेकिन जल्द मिल सकती है राहत… जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम….
छत्तीसगढ़ में मार्च महीने के साथ ही गर्मी ने तेजी से दस्तक दे दी है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों को दोपहर के समय तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि रायगढ़ में तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले दो दिनों में बदल सकता है मौसम
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदेश के मौसम में जल्द बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले दो दिनों के भीतर मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मौसम का रुख बदलने की संभावना है। इससे फिलहाल पड़ रही तेज गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 15-16 मार्च को दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दो दिनों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए अगले दो दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।














