रायगढ़। जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पड़ीगांव के निवासी पंकज पटेल ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन महिला एवं बाल विकास विभाग में अधीक्षक (बाल देखभाल संस्था) के पद पर हुआ है, जो द्वितीय श्रेणी राजपत्रित अधिकारी का पद है।

पंकज पटेल ने CGPSC परीक्षा में रैंक 26 हासिल कर यह उपलब्धि प्राप्त की है। उनकी इस सफलता से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
पंकज पटेल पड़ीगांव निवासी किसान लक्ष्मी प्रसाद पटेल के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद पंकज ने कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से यह मुकाम हासिल किया। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। खास बात यह है कि इससे पूर्व भी पंकज पटेल सहायक विकास विस्तार अधिकारी (ADO) पद के लिए चयनित हो चुके हैं, जो उनकी लगातार सफलता को दर्शाता है।
इस सफलता पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से पंकज पटेल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पंकज पटेल ने अपनी सफलता को भगवान की कृपा, माता-पिता के आशीर्वाद और लगातार मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा कि विश्वास, मेहनत और प्रार्थना के साथ आगे बढ़ने से लक्ष्य जरूर हासिल होता है।

ग्राम पड़ीगांव सहित पूरे पुसौर क्षेत्र के लोगों ने पंकज पटेल को इस उपलब्धि पर बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि वे अपने पद पर रहकर समाज के कमजोर वर्गों, खासकर बच्चों और महिलाओं के कल्याण के लिए बेहतर कार्य करेंगे।













