रायगढ़। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर ब्राह्मण सेवा समिति के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला समिति की अध्यक्ष मीरा विजय शर्मा के नेतृत्व में भगवान परशुराम मंदिर परिसर में शरद पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
शाम होते ही मंदिर परिसर भक्ति रस से सरोबार हो उठा। समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों की उपस्थिति में सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। भक्तों ने भक्ति संगीत की मधुर लहरियों में झूमते हुए रात्रि के विशेष क्षणों का आनंद लिया।
रात्रि 12 बजे पूजा-अर्चना के पश्चात खीर का प्रसाद लगाया गया और सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी और महिला समिति की सदस्याएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ब्राह्मण सेवा समिति सामाजिक, धार्मिक और जनहित से जुड़े कार्यों में सदैव सक्रिय रहती है। इसी क्रम में पिछले अगस्त महीने में जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर भंडारा आयोजन भी समिति द्वारा किया गया था।
भक्ति, सेवा और समाजहित के मूल्यों पर आधारित यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में एकता और सहयोग का सुंदर संदेश भी देता है।












