रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक की खून से सनी लाश उसके ससुराल गांव बरपाली में मिली। मृतक की पहचान बलराम सारथी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसके सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बलराम सारथी मूल रूप से पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गाला का निवासी था। करीब आठ साल पहले उसने बरपाली निवासी एक युवती से प्रेम विवाह किया था। वर्तमान में दोनों के तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि बलराम कुछ दिनों से अपने ससुराल बरपाली में ही रह रहा था।
बुधवार दोपहर अचानक गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बलराम का शव खून से लथपथ हालत में उसके ससुराल घर के पास स्थित पंचराम राठिया के आंगन में पाया गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड
सूचना पर घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पाया कि मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान मौजूद हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं गुरुवार को फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल का मुआयना कर सबूत इकट्ठा किए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मामला हत्या से जुड़ा है।
नाबालिग हिरासत में, पुलिस की गहन जांच
पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि हत्या की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल जांच जारी
घरघोड़ा पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द हत्याकांड का राज़ खुलने की उम्मीद कर रहे हैं।













