रायगढ़। शहर के व्यस्ततम तिराहे सुभाष चौक पर कल दोपहर 1:45 बजे एक सनसनीखेज घटना घटी। सांवडिया ज्वेलर्स के पास एक महिला से दो अज्ञात युवकों ने लगभग 10 तोला सोने के आभूषण ठगी की वारदात को अंजाम दिया। ठगी किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपए बताई जा रही है।
घटना का विवरण:
स्वर्गीय राजेश अग्रवाल की धर्मपत्नी संजना अग्रवाल, जो एमजी रोड स्थित अग्रवाल भोजनालय से संबंधित हैं, किसी कार्य से सुभाष चौक गई थीं। वहां दो अज्ञात युवक उनसे डॉक्टर रेखा अग्रवाल का पता पूछते हुए बातचीत में उलझाने लगे। बातचीत के दौरान प्रसाद लेनदेन की बात करते हुए वे महिला को सुभाष चौक पर एक नई ड्राई फ्रूट की दुकान की तरफ ले गए। इस दौरान युवकों ने बातों में उलझाकर महिला से गले की चेन, दो सोने की चूड़ियां और तीन अंगूठियां उतरवा लीं और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई। सिटी कोतवाली से इगेश्वर यादव और ऐनु देवांगन, जबकि साइबर सेल से राजेश पटेल ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस टीम आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
सीसीटीवी फुटेज में महिला दो युवकों से बात करती नजर आ रही है। इनमें से एक युवक सफेद शर्ट और काली पैंट में है, लेकिन उसके चेहरे का स्पष्ट दृश्य नहीं दिख रहा है, जिससे पुलिस को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस की अपील:
रायगढ़ सिटी कोतवाली और साइबर सेल की टीमें मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इस संदर्भ में किसी को कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
शहर के मुख्य चौराहे पर दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। पुलिस इस मामले को जल्द सुलझाने का भरोसा दे रही है।











