रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने गुस्से में अपने पति पर ऐसा हमला किया कि सुनकर हर कोई दंग रह गया। विवाद के बीच पत्नी ने अपने पति के प्राइवेट पार्ट को दांतों से काट लिया, जिससे पति दर्द से तड़प उठा। घायल पति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके प्राइवेट पार्ट पर 8 टांके लगाए हैं।
झगड़े की वजह बनी ननंद-भाभी की लड़ाई
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की है। लैलूंगा क्षेत्र के बनेकेला गांव निवासी 33 वर्षीय युवक, जो पेशे से राजमिस्त्री है, अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी का झगड़ा उसकी ननंद से हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि ननंद और भाभी के बीच मारपीट शुरू हो गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे पति से भी पत्नी झगड़ने लगी। बताया गया कि पति उस समय शराब के नशे में था, जिससे गुस्साई पत्नी और भड़क गई। इसी बीच उसने पति पर हमला करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काट लिया।
दर्द से तड़पता रहा पति, परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल
हमले के बाद पति दर्द से कराहता हुआ घर से बाहर निकला। परिवार के लोगों ने तुरंत उसे लैलूंगा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत देखकर उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया। मेडिकल जांच में पता चला कि चोट गंभीर है और प्राइवेट पार्ट पर 8 टांके लगाने पड़े।
पुलिस में दर्ज हुई शिकायत, पत्नी हिरासत में
घायल पति ने रविवार को लैलूंगा थाना पहुंचकर अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और धारा 296, 115(2), 118(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कहा – जांच जारी
लैलूंगा थाना प्रभारी रोहित बंजारे ने बताया कि मामला ननंद-भाभी के विवाद से शुरू हुआ था, जिसके बीच बचाव में आए पति पर पत्नी ने हमला किया। फिलहाल पत्नी पुलिस हिरासत में है और पूछताछ जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












