रायगढ़। रायगढ़ ज़िले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कीदा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने भीतर जाकर देखा तो वहां का मंजर रूह कंपा देने वाला था। घर के अंदर 35 वर्षीय महिला सुकांति साहू और उसके दो बच्चे युगल साहू (15) व प्राची साहू (12) का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला। शवों की हालत से अंदाजा लगाया गया कि यह मौत 3 से 4 दिन पुरानी है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल छाल पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। पुलिस ने पूरे घर को घेरकर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतका का पति महेन्द्र साहू रोज़ी-मज़दूरी का काम करता है और वह बीते सोमवार से काम के सिलसिले में गांव से बाहर था। जैसे ही उसे इस दुखद घटना की जानकारी मिली, वह तुरंत गांव लौटा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी है यह आत्महत्या है, दुर्घटना या फिर हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
यह त्रासदी पूरे क्षेत्र को झकझोर देने वाली है, और गांव में मातम पसरा हुआ है।












