रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव कपाटडेरा में मंगलवार रात पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह दोनों की खून से सनी लाशें घर के आंगन में पड़ी मिलीं, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान गुरुवार सिंह राठिया (35 वर्ष) और मनीता राठिया (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम भेंड्रा के आश्रित गांव कपाटडेरा के निवासी थे। सुबह जब परिजनों ने आंगन में दोनों के शव देखे, तो तत्काल गांव के कोटवार को सूचना दी गई। कोटवार ने इसकी खबर घरघोड़ा पुलिस को दी, जिसके बाद थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों की डंडे से पीट-पीटकर हत्या की गई है, क्योंकि शवों पर गंभीर चोट और खून के निशान मिले हैं। मौके पर फॉरेसिंक टीम और डॉग स्क्वायड भी पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं, जो अब बेसहारा हो गए हैं।
फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।












