
रायगढ़। विश्व हिन्दू परिषद रायगढ़ विभाग जो कि रायगढ़ और सारंगढ़ जिले को मिलाकर बना है द्वारा एक दिवसीय सत्संग अभ्यास वर्ग का आयोजन 13 जुलाई 2025 को रायगढ़ विभाग कार्यालय श्री रामेश्वरम धाम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं “जय श्रीराम” जयघोष के साथ भारत माता, श्रीराम दरबार और श्रीकृष्ण भगवान की वंदना करते हुए किया गया।
चार सत्रों में संपन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम चार सत्रों में संपन्न हुआ। प्रथम सत्र (उद्घाटन सत्र) में प्रांत सत्संग प्रमुख सुनील वर्मा ने सत्संग और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात प्रांत मार्गदर्शक मण्डल संयोजक आचार्य श्री राकेश जी ने अपने ओजस्वी वक्तव्य के माध्यम से विश्व हिन्दू परिषद के उद्देश्यों और कार्यों की जानकारी दी। इसके पश्चात सह प्रांत प्रमुख व मंदिर अर्चक पुरोहित उत्तम वर्मा ने संगठनात्मक ढांचे की विस्तृत जानकारी दी। इस सत्र की अध्यक्षता मुख्य अतिथि CA बालकिशन केडिया ने की।
द्वितीय सत्र में प्रांत उपाध्यक्ष प्रेमलता बिसेन, सुनीता सोनसरे (मातृ संयोजिका, कोरबा प्रांत टोली), कुमारी प्रीति दुबे (प्रांत दुर्गावाहिनी सह संयोजिका), जितेन्द्र भावसार (जिला संगठन मंत्री) सहित अन्य अधिकारियों द्वारा साप्ताहिक सत्संग की संकल्पना पर मंत्रोच्चारण, भजन, संकीर्तन, देशभक्ति गीत, भारत माता की आरती आदि का अभ्यास कराया गया।
भोजनावकाश के पश्चात तृतीय सत्र में सामूहिक सत्संग का प्रायोगिक अभ्यास कराया गया, जिसमें भीखमपुरा के महंत महाराज जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
चतुर्थ एवं अंतिम सत्र में कुमारी प्रीति दुबे ने बाल संस्कार केंद्र विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रांत उपाध्यक्ष प्रेमलता बिसेन ने सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए बच्चों के जन्मोत्सव को हिंदू परंपरा अनुसार मनाने और सत्संग की नियमितता पर बल दिया। अंत में प्रांत संगठन मंत्री नंददास जी ने सत्संग के माध्यम से देवभक्ति, राष्ट्रभक्ति और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने की प्रेरणा दी।
73 अभ्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण
कार्यक्रम में रायगढ़ और सारंगढ़ जिलों से आए कुल 73 अभ्यार्थियों ने भाग लिया। प्रांत उपाध्यक्ष एवं रायगढ़ विभाग के पालक सरल मोदी ने सभी दायित्वान कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। इस कार्यक्रम का सफल संचालन विभाग संयोजक विनय दुबे, कार्यक्रम संयोजक CA आलोक अग्रवाल एवं नगर सत्संग प्रमुख राहुल जेठवा द्वारा किया गया।समापन सत्र में आनंद गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति विशेष उल्लेखनीय रही।
आगामी योजनाएं
विश्व हिन्दू परिषद रायगढ़ विभाग ने बताया कि भविष्य में अन्य आयामों पर भी इसी तरह के अभ्यास वर्ग आयोजित कर परिषद के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे समाज सेवा के लिए और अधिक प्रभावी रूप से कार्य कर सकें।












