• श्याम प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह, हरियाणा के कलाकारों की प्रस्तुति होगी आकर्षण का केंद्र…
रायगढ़। सांस्कृतिक राजधानी रायगढ़ की धरा एक बार फिर श्याम रंग में सराबोर होने के लिए पूरी तरह तैयार है। फाल्गुन सुदी एकादशी के पावन उपलक्ष्य में आगामी 26 फरवरी 2026, गुरुवार को शहर में भव्य ‘6वीं अर्जी निशान यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। श्री श्याम दीवाने परिवार, रायगढ़ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस विशाल पदयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरे शहर को श्याममय बनाने की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।
गांधी गंज से प्रारंभ होगी विशाल पदयात्रा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह ऐतिहासिक यात्रा दोपहर 3:30 बजे स्थानीय श्री राम मंदिर, गांधी गंज से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ होगी। हाथों में बाबा श्याम के पावन निशान थामे और केसरिया बाना पहने हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम जब नगर भ्रमण पर निकलेगा, तो दृश्य देखते ही बनेगा। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के गगनभेदी जयघोष और ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ पूरी धर्मनगरी भक्तिरस में सराबोर नजर आएगी।
विशेष आकर्षण: हरियाणा के कलाकारों की प्रस्तुति और भव्य आतिशबाजी
इस वर्ष की निशान यात्रा को यादगार बनाने के लिए आयोजकों ने विशेष प्रबंध किए हैं। यात्रा के दौरान इंडियाज गॉट टैलेंट और सुपर डांसर 5 जैसे राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हरियाणा के सुप्रसिद्ध कलाकार अनिल तिलकधारी एवं उनके दल द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही गौरीशंकर मंदिर चौक में पहली बार भव्य आतिशबाजियों के साथ बाबा के दिव्य रथ का स्वागत किया जाएगा। संपूर्ण यात्रा मार्ग पर बाबा के रथ पर इत्र वर्षा की जाएगी और भक्तों के बीच फूलों की होली खेली जाएगी। बाबा का भव्य श्रृंगार, नयनाभिराम झांकियां तथा छप्पन भोग की प्रस्तुति इस आयोजन को और भी अलौकिक एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करेगी।
इन मार्गों से होकर गुजरेगा आस्था का सैलाब
नगर भ्रमण के दौरान यह विशाल अर्जी निशान यात्रा गांधी गंज से निकलकर शहर के प्रमुख व्यावसायिक और रिहायशी क्षेत्रों से गुजरेगी। यात्रा एम.जी. रोड, रामनिवास टॉकीज, गौरीशंकर मंदिर, कोष्टापारा, गांजा चौक, हटरी चौक, गद्दी चौक और सुभाष चौक होते हुए संजय कॉम्प्लेक्स स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंचेगी। मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ बाबा श्याम को निशान अर्पित किए जाएंगे और सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।
तैयारियां अंतिम चरण में, रसीद हेतु संपर्क जारी
आयोजन समिति ‘श्री श्याम दीवाने’ ने बताया कि मार्ग की सजावट, स्वागत द्वारों का निर्माण और रोशनी की विशेष व्यवस्था की जा रही है। जो श्रद्धालु इस यात्रा में निशान उठाना चाहते हैं, वे श्री श्याम मंदिर के पुजारी जी से संपर्क कर अपनी रसीद प्राप्त कर सकते हैं। आयोजन समिति ने शहर के समस्त धर्मप्रेमी जनता से इस भक्तिमय उत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ उठाने की अपील की है। 26 फरवरी को रायगढ़ की सड़कों पर उमड़ने वाला यह आस्था का सैलाब एक नया इतिहास रचने को तैयार है।













