रायगढ़। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार की देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यस्त इलाके बुजी भवन रोड पर अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक तीन दुकानों में धावा बोलकर लाखों रुपए पर हाथ साफ कर दिया। वारदात में इलेक्ट्रॉनिक्स और मेडिकल दुकानें निशाना बनीं, जहां चोर दुकान के ऊपर से भीतर घुसे और गल्ले में रखे नकदी को पार कर फरार हो गए।
सबसे पहले इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में घुसे
जानकारी के मुताबिक, देर रात चोरों ने सबसे पहले देवसर इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान को निशाना बनाया। यहां से करीब 10 से 15 हजार रुपए नगद चोरी कर ले गए। यही नहीं, सबूत मिटाने के लिए दुकान का CCTV DVR भी साथ ले गए।
मेडिकल दुकानों पर भी हाथ साफ
इसके बाद चोर बगल में स्थित मित्तल मेडिकल दुकान में घुसे, लेकिन दुकान लंबे समय से बंद रहने के कारण यहां उन्हें खास सफलता नहीं मिली। फिर चोरों ने अगला निशाना ऑल इज वेल मेडिकल दुकान को बनाया। यहां दुकान के ऊपरी दरवाजे को तोड़कर भीतर दाखिल हुए और गल्ले से 1 लाख रुपए से अधिक नगद पार कर ले गए।
CCTV में कैद हुए चोर
वारदात का खुलासा तब हुआ जब सुबह दुकान संचालक पहुंचे। सामान बिखरा देख उन्हें चोरी की जानकारी हुई। CCTV फुटेज खंगालने पर पता चला कि बाहर दो चोर खड़े थे और भीतर दो चोर चोरी को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेन्सिक टीम जुटी
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सायबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेन्सिक टीम भी जांच में शामिल हुई। पुलिस डॉग रेलवे स्टेशन तक दौड़ा, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका। अब पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।












