Saturday, March 7, 2026
HomeNewsरायगढ़ की दादी समिति ने वीर सैनिकों के लिए भेजीं 4000 राखियां,...

रायगढ़ की दादी समिति ने वीर सैनिकों के लिए भेजीं 4000 राखियां, शहीद विप्लव के माता-पिता सहित जवानों का हुआ सम्मान…

• दादी मंदिर परिसर में हुआ भावनात्मक व गरिमामय आयोजन…

रायगढ़। शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं धार्मिक संस्था श्री राणी सत्ती दादी सेवा समिति द्वारा गुरुवार को दादी मंदिर परिसर में एक गरिमामय आयोजन किया गया, जिसमें देश की रक्षा में समर्पित वीर सैनिकों के लिए 4000 रक्षासूत्र (राखियां) सौंपे गए। यह आयोजन देशभक्ति की भावना और सैनिकों के प्रति सम्मान की एक प्रेरणास्पद मिसाल बन गया।

दादी मंदिर पहुंचने पर अनिता नरेडी के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जोशीले नारों के साथ अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष करणी सेना सैन्य प्रकोष्ठ के महेंद्र प्रताप राणा, वीर शहीद विप्लव त्रिपाठी के माता-पिता, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, सैनिक सिपाहियों सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने मंदिर में सबसे पहले दादी को नमन कर मत्था टेका।

इसके पश्चात समिति द्वारा अतिथियों को ससम्मान आसन ग्रहण करवाया गया और फूल-मालाओं, गुलदस्तों तथा तालियों की गड़गड़ाहट के बीच गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कोषाध्यक्ष अनीता रेडी सहित सभी महिला पदाधिकारियों ने वीर सैनिकों के लिए रक्षासूत्र सौंपने पर गर्व की अनुभूति जताई। उन्होंने कहा कि जो सैनिक सीमा पर देश की रक्षा करते हैं, रक्षाबंधन जैसे त्योहारों में भी घर नहीं लौट पाते, उनके लिए 4000 राखियां भेजना समिति के लिए गौरव की बात है।

कमल मित्तल, सुभाष चिराग, मुकेश मित्तल सहित अन्य वक्ताओं ने भी सैनिकों को सलामी देते हुए कहा कि जब हम चैन की नींद सोते हैं, तब ये वीर हमारी सुरक्षा में रात-दिन जागते हैं। उन्होंने शहीद विप्लव त्रिपाठी के माता-पिता को सम्मानित करते हुए कहा कि उनका बेटा रायगढ़ ही नहीं, देश का गौरव है।

श्रीमती आशा त्रिपाठी ने भावुक होते हुए अपने बेटे को याद किया और कहा, “विप्लव की शहादत का ग़म तो हमेशा रहेगा, लेकिन देश के लिए उसकी कुर्बानी पर गर्व भी है।”

महेंद्र प्रताप राणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जब कोई व्यक्ति सेना, फौज या भारत माता के खिलाफ गलत बयान देता है तो बहुत पीड़ा होती है। उन्होंने दादी समिति का आभार जताते हुए कहा कि 4000 रक्षा सूत्र सैनिकों के लिए सौंपना बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि जनता का यह स्नेह और सम्मान ही उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित करता है। रायगढ़ शहर अब शहीद विप्लव त्रिपाठी के कारण पूरे देश में सम्मानपूर्वक पहचाना जा रहा है।

इस आयोजन में समिति की ओर से श्रीमती कांता गोयल, ममता कमल अग्रवाल, मीना बेरीवाल, संतोष चिराग, ललिता अग्रवाल, अनीता गर्ग, ममता भालोठिया, स्वीटी मोदी, रोमी निगानिया, सहित सुभाष चिराग, आनंद बेरीवाल, गौरीशंकर नरेड़ी, विकास निगानिया, संजय कालू, अमित मोदी, मुकेश कलानोरिया, कैलाश अग्रवाल, कमल मित्तल सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन स्वल्पाहार के साथ हुआ और कमल मित्तल ने सभी का आभार व्यक्त किया। आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि रायगढ़ की सामाजिक संस्थाएं देश सेवा में अपने उत्तरदायित्व को बखूबी निभा रही हैं।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Popular Articles