रायगढ़। जिले के लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट केराझर-परसदा वाटरफॉल पर अब पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी। यहां झरने में नहाना, ऊंचाई से छलांग लगाना और शराब पीना अब पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। रायगढ़ पुलिस ने बलौदाबाजार में हाल ही में हुए एक हादसे को गंभीरता से लेते हुए यह फैसला लिया है। दरअसल, दो दिन पहले बलौदाबाजार जिले में एक युवक 40 फीट ऊंचाई से झरने में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था।
रायगढ़ एसपी दिव्यांग पटेल ने भूपदेवपुर थाना पुलिस को केराझर-परसदा वाटरफॉल क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने और कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम ने झरने के पास चेतावनी बोर्ड लगा दिए हैं और अब यहां नियमित रूप से पेट्रोलिंग की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति झरने में नहाते, ऊंचाई से कूदते या खतरनाक वीडियो बनाते पाया गया तो उसे मौके पर रोका जाएगा और जरूरत पड़ने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं, झरने के किनारे शराब पीने और हुड़दंग करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से अन्य पर्यटकों, खासकर परिवारों को असुविधा होती है, साथ ही जानमाल का खतरा भी बना रहता है।
गौरतलब है कि रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 10-12 किलोमीटर दूर स्थित यह वाटरफॉल मानसून के दौरान अपनी खूबसूरती से सैकड़ों पर्यटकों को आकर्षित करता है। लोग यहां पिकनिक और सैर-सपाटे के लिए आते हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से यहां ऊंचाई से छलांग लगाने, स्टंट करने और नशाखोरी जैसी गतिविधियां बढ़ गई थीं, जिससे कई बार हादसे की आशंका बनी रहती थी।
अब पुलिस की सक्रियता से उम्मीद की जा रही है कि पर्यटक अधिक जिम्मेदारी से व्यवहार करेंगे और झरने का आनंद सुरक्षित तरीके से उठा सकेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही या जोखिम भरे स्टंट से बचें, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।












