रायगढ़। नवरात्र पर्व की भक्ति लहर अब भी शहर में गूंज रही है। माँ दुर्गा की भव्य आराधना और विसर्जन के बाद भी भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ है। इसी कड़ी में नवयुवक संघ, दरोगापारा (पीपल पेड़) आज अपने वार्षिक आयोजन की विशेष संध्या मनाने जा रही है। इस अवसर पर समिति की ओर से “भाग्यशाली विजेताओं” के नामों की भी घोषणा की जाएगी।
कार्यक्रम आज शाम 7 बजे दरोगापारा स्थित पीपल पेड़ के पास आयोजित होगा, जहाँ भक्तों के लिए भजन संध्या का भी भव्य आयोजन रखा गया है। संघ ने इस वर्ष लक्की ड्रा कूपन की योजना शुरू की थी, जिसमें माता भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अब सभी की नज़रें उन नामों पर हैं जो आज माँ दुर्गा की कृपा से विजेता बनेंगे।
संघ के सदस्यों ने सभी कूपनधारी भक्तों से समय पर उपस्थित होने का आग्रह किया है ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

30 वर्षों की भक्ति परंपरा का गौरव
दरोगापारा में नवयुवक संघ पिछले 30 वर्षों से माँ दुर्गा की आराधना पूरे उत्साह, भक्ति और परंपरा के साथ करते आ रहा है। माँ के स्वागत से लेकर विसर्जन तक समिति के सदस्यों की सेवा और समर्पण देखते ही बनता है। इस बार भी पूरे इलाके को भव्य रूप से सजाया गया था रंग-बिरंगी लाइटिंग, आकर्षक पंडाल और सजावट ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
यह आयोजन न सिर्फ दरोगापारा बल्कि पूरे रायगढ़ शहर के सबसे लोकप्रिय और सुसंगठित दुर्गा पूजा आयोजनों में गिना जाता है।
भक्ति और सौभाग्य की रात
शरद पूर्णिमा की पावन संध्या पर माँ के भजनों से दरोगापारा का माहौल गूंज उठेगा। भक्तों के चेहरों पर भक्ति और उत्साह का समावेश होगा, वहीं लक्की ड्रा के विजेताओं के नामों की घोषणा इस आयोजन की विशेष आकर्षण रहेगी।













