रायगढ़। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम इस बार पूरे रायगढ़ शहर में देखने को मिली। देर रात तक शहर के चौक-चौराहों और मंदिरों में श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा। जगह-जगह दही-हांडी उत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें युवाओं की टोली ने मनोहारी प्रस्तुतियां दीं और “गोविंदा आला रे” के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।
सुभाष चौक, स्टेशन चौक और हंडी चौक पर दही-हांडी उत्सव खास आकर्षण का केंद्र रहे। सजावट, लाइटिंग और डीजे की धुन पर नाचते-गाते भक्तों की भीड़ देर रात तक जमी रही। रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से सजे चौक मानो किसी पर्व सरीखे आलोकित हो उठे।
वहीं गौरीशंकर मंदिर और श्याम मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और जन्मोत्सव आरती के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ, जिसने भक्तिमय वातावरण को और भी दिव्य बना दिया।
छोटे बच्चों ने नटखट कान्हा का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। शहरभर में हो रहे दही-हांडी उत्सव, भंडारे और अनेक आयोजनों से हर ओर श्रद्धा, उत्साह और आनंद का अनोखा संगम दिखाई दिया।
जन्माष्टमी की इस भव्य छटा ने न सिर्फ भक्तों को भक्ति में सराबोर किया बल्कि रायगढ़ शहर को देर रात तक जीवंत और उत्सवमय बना दिया।

सुभाष चौक




स्टेशन चौक





हंडी चौक














