रायगढ़। मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना रायगढ़ जिले में सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के राजीव नगर में चाय-नाश्ते की दुकान में चोरी के शक में एक नाबालिग बच्चे को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला उजागर हुआ है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित नाबालिग के पिता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 27 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे उसका नाबालिग बेटा राजीव नगर स्थित प्रकाश नेताम की दुकान के पास गया था। इस दौरान प्रकाश नेताम और उसके भाई दीपक नेताम ने उस पर दुकान से चोरी का आरोप लगाते हुए पकड़ लिया। दोनों ने बच्चे को दुकान के खंभे से रस्सी से बांधकर हाथ, थप्पड़ और बेल्ट से बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया में फैलाया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित परिवार सामाजिक रूप से अपमानित महसूस करने लगा और थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रकाश नेताम और दीपक नेताम दोनों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 127(2), 3(5) बीएनएस के साथ-साथ बालकों की देखरेख और संरक्षण अधिनियम 2015 की धारा 74 व 75 के तहत अपराध दर्ज किया है।
डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पीड़ित पक्ष की पहचान की गई। इसके बाद पीड़ित के पिता की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध किया गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में बाल संरक्षण और संवेदनशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी के शक में किसी बच्चे के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार न सिर्फ कानूनन अपराध है बल्कि नैतिक दृष्टि से भी निंदनीय है।












