रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र के टुर्कूमुड़ा के टिकरापारा में बुधवार देर रात बच्चा चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई। एक युवक घर में घुसकर 10 माह के मासूम को बोरे में भरकर ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन परिजनों की समय रहते नींद खुल गई और उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बच्चे को ओडिशा लेजाकर तीन लाख पचास हजार रुपये में बेचने की बात कही।
जानकारी के अनुसार, राज सारथी का परिवार रात का खाना खाने के बाद घर में सो रहा था। उनके साथ उनका 10 माह का बच्चा भी था। रात करीब 2 बजे एक युवक चोरी-छिपे घर में घुसा और बच्चे को उठाकर बोरे में भरने लगा। इस दौरान बच्चे की हलचल और आवाज़ से घरवालों की नींद खुल गई। उन्होंने तत्काल युवक को पकड़कर उसके हाथ-पांव बांध दिए और जमकर धुनाई कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेश मुंडा (42 वर्ष), निवासी ओडिशा बताया। उसने स्वीकार किया कि वह बच्चे को ओडिशा ले जाकर ‘कृष्णा’ नामक व्यक्ति को बेचने वाला था, जिससे उसे लाखों रुपये मिलने थे।
बच्चे की दादी ने बताया कि आरोपी अकेला नहीं था, उसके साथ और भी लोग थे जो मौके से भाग निकले। परिजनों ने पहले वार्ड पार्षद को सूचना दी, फिर पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची जूटमिल थाना पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बच्चे के पिता राज सारथी ने बताया कि यदि समय रहते परिवार की नींद नहीं खुलती, तो अनहोनी हो सकती थी। आरोपी बच्चे को 3.5 लाख रुपये में बेचने की योजना बना चुका था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
रायगढ़ शहर में इस प्रकार की वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।












