रायगढ़। जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। पतरापाली स्थित जिंदल कोयला गेट के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार मां और उसके छोटे बेटे को जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, बघनपुर निवासी चंपा पटेल (30) अपने चार साल के बेटे को लेकर एक क्लीनिक से इलाज कराकर लौट रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रेलर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह स्कूटी सवार महिला और बच्चे को ट्रेलर अपनी चपेट में ले लेता है। हादसे के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क पर ही चक्काजाम कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया, जिसके बाद शाम करीब सवा 5 बजे चक्काजाम समाप्त कराया गया।
फिलहाल पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।














