Thursday, January 15, 2026
HomeNewsरायगढ़ में गणेशोत्सव की धूम: जगह-जगह सजे भव्य पंडाल, झिलमिलाती रोशनियाँ और...

रायगढ़ में गणेशोत्सव की धूम: जगह-जगह सजे भव्य पंडाल, झिलमिलाती रोशनियाँ और मनमोहक गणेश प्रतिमाएँ बनी आकर्षण का केंद्र…

  • तस्वीरों में देखिए रायगढ़ के गणेशोत्सव की झलक…

रायगढ़। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर संपूर्ण रायगढ़ गणपति बाप्पा के जयकारों से गूंज उठा है। हर गली, हर चौक और हर मोहल्ले में सजे भव्य पंडालों, जगमगाती रोशनी और आकर्षक प्रतिमाओं ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया है। भक्तिभाव और आनंद का यह माहौल लोगों को अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा से भर रहा है।

महाराष्ट्र मंडल, नटवर स्कूल

नटवर स्कूल मैदान में सालों से श्रद्धालु धूमधाम से गणेश जी का आगमन करते हैं। विधि-विधान से पूजन-अर्चन, मनमोहक साज-सज्जा और विशाल प्रतिमा इस मंडल की विशेष पहचान है। उत्सव के दौरान मंडल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तन की गूंज वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना देती है।

चिल्हर पार्टी गणेश उत्सव समिति, दरोगपारा

दरोगपारा की गलियाँ इस बार रोशनी से जगमगा रही हैं। चिल्हर पार्टी समिति वर्षों से गणेशोत्सव का आयोजन कर रही है। पूरे मोहल्ले को रंग-बिरंगी झालरों और लाइटों से सजाया गया है। गाजे-बाजे और शोभायात्रा के साथ गणेश जी का स्वागत यहां विशेष आकर्षण का केंद्र होता है।

रायगढ़ चा राजा – बोहिदार पारा, गांजा चौक

‘रायगढ़ चा राजा’ अब शहर की पहचान बन चुका है। पिछले 11 वर्षों से यहां भव्यता के साथ गणेशोत्सव मनाया जाता है। विशाल और आकर्षक प्रतिमा हर साल भक्तों को मंत्रमुग्ध कर देती है। 11 दिनों तक पूजा-पाठ और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है तथा समापन अवसर पर विशाल प्रसाद भंडारा किया जाता है, जिसमें हजारों भक्त शामिल होते हैं।

नवयुवक कला समिति, कोतरा रोड

कोतरा रोड की नवयुवक कला समिति कई वर्षों से गणेश उत्सव का शानदार आयोजन करती आ रही है। हर साल आकर्षक थीम पर तैयार पंडाल, सुंदर साज-सज्जा और बारीक कलात्मक काम यहां के उत्सव को खास पहचान दिलाते हैं। मनमोहक प्रतिमा और रोशनी से सजा यह पंडाल श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींच लेता है।

चक्रधर नगर गणेश पूजन, जनजागरण, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण सेवा समिति

इस बार सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बना है चक्रधर नगर गणेश पूजन समिति का पंडाल। महाराष्ट्र के प्रसिद्ध सिद्धि विनायक मंदिर की थीम पर तैयार किए गए इस पंडाल की ऊँचाई 85 फीट है और इसमें 11 फीट ऊँची भव्य गणेश प्रतिमा विराजित है। लगातार दूसरे वर्ष यहां इस तरह की अनोखी झांकी देखने को मिली, जिसने शहरवासियों का ध्यान खींचा।

चक्रधर समारोह, रामलीला मैदान

रायगढ़ का रामलीला मैदान गणेश जी के आगमन के साथ-साथ चक्रधर समारोह की भव्यता का भी साक्षी बनता है। विगत 40 वर्षों से यह परंपरा चली आ रही है। गणेश वंदना के साथ शुरू होने वाला समारोह नौ दिनों तक संगीत, नृत्य और कला का उत्सव बन जाता है।

सिद्धि विनायक सामाजिक मंच, गांजा चौक

गांजा चौक में सिद्धि विनायक सामाजिक मंच भी आकर्षक सजावट और गणेश प्रतिमा की भव्य स्थापना के लिए जाना जाता है। यहां भक्तों की भीड़ प्रतिदिन दर्शन के लिए उमड़ती है।

थाना चौक युवा समिति, दानीपारा

दानीपारा स्थित थाना चौक युवा समिति ने वर्ष 2017 से गणेश स्थापना की परंपरा शुरू की थी और तब से हर साल उत्साह और धूमधाम के साथ गणेशोत्सव का आयोजन कर रही है। यहां की विशेषता है युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी, जो पूरे इलाके को सजावट, भक्ति गीतों और सामाजिक गतिविधियों से उत्सवमय बना देते हैं

सत्ती गुड़ी चौक

सत्ती गुड़ी चौक में भी गणेशोत्सव की झलक देखने लायक है। रंगीन रोशनी, सजावट और भक्तिमय वातावरण यहां आने वाले हर व्यक्ति को मोह लेता है।

रायगढ़ में गणेशोत्सव केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि यह सामाजिक एकता, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और भाईचारे का उत्सव है। हर पंडाल अपने आप में कला, आस्था और परंपरा की मिसाल पेश करता है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी मिलकर इस पर्व को जीवन का उत्सव बना देते हैं।

भक्ति, उल्लास और संस्कृति का यह संगम पूरे शहर को यह संदेश देता है कि गणपति बप्पा सिर्फ विघ्नहर्ता ही नहीं, बल्कि आनंद, सहयोग और एकजुटता के प्रतीक भी हैं।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Popular Articles