रायगढ़। जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मध्यम और तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। सड़कों पर पानी भर गया है, कई जगह नदी-नाले उफान पर हैं और लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। इसी बीच शुक्रवार की सुबह केलो डैम का जलस्तर बढ़ने पर एहतियातन इसके चार गेट खोल दिए गए।
जानकारी के अनुसार डैम में फिलहाल 331.35 मीटर पानी का स्तर दर्ज किया गया है। खतरे के निशान से नीचे होने के बावजूद जलभराव की स्थिति को देखते हुए गेट खोले गए हैं। डैम में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटा जा सके।
मौसम विभाग ने रायगढ़ समेत प्रदेश के अधिकतम जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने भारी बारिश, बिजली गिरने, बादल गरजने और तेज आंधी चलने की संभावना जताई है।
बारिश ने जहां शहर में जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं किसानों के चेहरों पर रौनक लौटा दी है। लंबे समय से बारिश न होने के कारण फसलें सूखने की कगार पर पहुंच चुकी थीं, लेकिन ताजा बरसात ने खेतों में नई जान फूंक दी है।
लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएं और सतर्क रहें, क्योंकि अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है।














