रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर आज सुबह खराब मौसम ने हवाई संचालन को बिगाड़ दिया। विजिबिलिटी कम होने की वजह से दिल्ली और कोलकाता से रायपुर आ रही दो प्रमुख फ्लाइट्स को आख़िरी समय में डायवर्ट करना पड़ा, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
सुबह दिल्ली से रायपुर आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट A12793 जब रायपुर एयरपोर्ट के करीब थी, तभी पायलट ने अचानक लैंडिंग रोक दी और विमान को ऊपर उठा लिया। घबराए यात्रियों को बाद में पता चला कि खराब मौसम की वजह से फ्लाइट को भुवनेश्वर भेजा जा रहा है। भुवनेश्वर पहुंचने पर यात्रियों ने एयर इंडिया के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और एयरपोर्ट पर हंगामा किया। यात्रियों का आरोप था कि एयरलाइन ने उन्हें समय पर सही जानकारी नहीं दी।
एयर इंडिया ने बाद में बयान जारी कर बताया कि कम विजिबिलिटी के कारण यह कदम उठाना पड़ा। एयरलाइन ने आश्वासन दिया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और भुवनेश्वर से सुबह 9:30 बजे रायपुर के लिए दोबारा उड़ान भरवाई जाएगी।
उधर, कोलकाता से रायपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को भी खराब मौसम के चलते नागपुर डायवर्ट किया गया। हालांकि इंडिगो की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। नागपुर एयरपोर्ट पर रुके यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार रायपुर पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी।
यात्रियों की नाराजगी और मांग
भुवनेश्वर और नागपुर में फंसे यात्रियों ने सोशल मीडिया के ज़रिये अपनी नाराजगी जाहिर की और एयरलाइंस से समय पर सूचना, पारदर्शिता और बेहतर सुविधाओं की मांग की। कई यात्रियों ने मुआवजे की भी मांग उठाई।
सूत्रों के अनुसार, दोनों डायवर्ट फ्लाइट्स करीब ढाई घंटे की देरी से आखिरकार रायपुर पहुंचीं और वहां से पुनः अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुईं।












