रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने बंद कमरे में पहले खुद को करंट लगाया फिर गला चाकू से काटकर आत्महत्या कर ली। घटना एमएसपी प्लांट की लेबर कॉलोनी की है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान 33 वर्षीय दिलीप सिंह के रूप में हुई है, जो मूलतः जयपुर जिले के ग्राम रसौली का रहने वाला था। वह पिछले करीब दस वर्षों से रायगढ़ के जामगांव स्थित एमएसपी प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था और वहीं प्लांट की लेबर कॉलोनी में रह रहा था। जानकारी के अनुसार दिलीप की शादी नहीं हुई थी और पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी और वह अजीबोगरीब हरकते किया करता था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात दिलीप ने अपने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था। जब बुधवार सुबह काफी देर तक उसका दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया। भीतर का नज़ारा देख सब स्तब्ध रह गए, दिलीप खून से लथपथ हालत में मृत पाया गया। उसके गले पर चाकू से किए गए गहरे घाव के निशान मिले, जिससे आत्महत्या की पुष्टि हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।












