रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम भालूचुंवा में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव के पिता और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि दोनों ने देशी शराब पी थी, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम गईं।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भालूचुंवा निवासी बोधराम पटेल (40) रविवार रात देशी शराब का क्वार्टर लेकर घर आया। उसने थोड़ी शराब खुद पी और बची हुई शराब उसके पिता तिलकराम पटेल (65) ने पी ली। रात होते-होते दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। अब मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
जिला आबकारी अधिकारी ने कहा “देशी शराब की पेटियों से लगातार बिक्री हो रही है। अगर शराब में खराबी होती, तो और लोग भी प्रभावित होते। ऐसे में मौत का कारण शराब नहीं, कुछ और भी हो सकता है। सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सामने आएगी।”
खरसिया एसडीओपी अनिल कुमार विश्वकर्मा ने बताया, “पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण सामने आएगा। फिलहाल हर एंगल से जांच की जा रही है।”












