- नेत्रदान महादान मुहिम पर हुई सार्थक चर्चा…
रायगढ़। देवकी रामधारी फाउंडेशन के अध्यक्ष दीपक डोरा ने आज गुरुवार को छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रमेन डेका एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संस्था की “नेत्रदान महादान” मुहिम पर विस्तार से चर्चा की और इसे समाजहित में बड़े स्तर पर बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
दीपक डोरा ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन ने हाल ही में आदेश जारी कर यह व्यवस्था की है कि नेत्रदान या अंगदान करने वाले दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) और स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के जिला स्तरीय समारोहों में “गार्ड ऑफ ऑनर” और सम्मान प्रदान किया जाएगा। (सामान्य प्रशासन विभाग, भोपाल, आदेश दिनांक 1 जुलाई 2025)।
उन्होंने राज्यपाल और प्रभारी मंत्री को सुझाव दिया कि छत्तीसगढ़ में भी मध्यप्रदेश की तर्ज पर इस व्यवस्था को लागू किया जाए। इससे समाज में नेत्रदान और अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा लोग प्रेरित होंगे।
राज्यपाल रमेन डेका ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह वास्तव में समाजहित की दिशा में एक अच्छी और प्रेरणादायी मुहिम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और शासन-प्रशासन से चर्चा कर इसे आगे बढ़ाने का प्रयास होगा।
प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने भी फाउंडेशन की मुहिम की तारीफ करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में नेत्रदान को लेकर नई सोच और सकारात्मक माहौल बनेगा।
ज्ञात हो कि देवकी रामधारी फाउंडेशन समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़ी मुहिम चलाकर जनजागरण करता है। “नेत्रदान महादान” अभियान इसके प्रमुख प्रयासों में से एक है, जिसका उद्देश्य है—“मृत्यु के बाद भी जीवन का प्रकाश दूसरों तक पहुँचे।”
















