रायगढ़। रायगढ़ में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट के भीतर बुधवार तड़के ड्यूटी के दौरान हुए विवाद ने एक हेड कॉन्स्टेबल की जान ले ली। एक मामूली बहस देखते ही देखते गोलीकांड में बदल गई, जब मुस्तैद जवान एस. लादेर ने अपने ही साथी हेड कॉन्स्टेबल पी.के. मिश्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलियां सीधे सिर पर मारी गईं — चार राउंड। मौके पर ही पी.के. मिश्रा की मौत हो गई। घटना ने पूरे विभाग को हिला दिया है।
दोनों थे बैचमेट, रात की ड्यूटी में हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रधान आरक्षक एस. लादेर जांजगीर-चांपा का रहने वाला है, जबकि मृतक पी.के. मिश्रा मध्यप्रदेश के रीवा जिले के निवासी थे। दोनों बैचमेट थे और एक ही शिफ्ट की रात्री ड्यूटी पर तैनात थे।
जानकारी के अनुसार तड़के करीब 4 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आए एस. लादेर ने सर्विस रिवॉल्वर से पी.के. मिश्रा पर लगातार चार गोलियां दाग दीं।
पोस्ट सील, अफसर मौके पर; फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
वारदात के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरी RPF पोस्ट को सील कर दिया गया और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
बिलासपुर से IG मुनव्वर खुर्शीद भी रायगढ़ पहुँचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और ड्यूटी में मौजूद स्टाफ से पूछताछ जारी है।
पत्नी पहुंची घटनास्थल पर, सदमे में परिजन
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी भी RPF पोस्ट पहुँच गईं। पोस्ट के बाहर तनावपूर्ण माहौल है और कर्मचारियों में शोक के साथ चिंता भी देखी जा रही है।
आरोपी जवान हिरासत में; हत्या का कारण अब भी रहस्य
घटना के बाद साथी जवानों ने आरोपी एस. लादेर को मौके पर ही हिरासत में लेकर उसका हथियार जब्त कर लिया।
अधिकारी हत्या के वास्तविक कारण की पड़ताल कर रहे हैं। शुरुआती अनुमान ड्यूटी विवाद की ओर इशारा करते हैं, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही सच सामने आएगा।












