रायगढ़। जेएसपी के चेयरमैन नवीन जिंदल की माताजी एवं हिसार विधानसभा से विधायक सावित्री जिंदल के 75वें जन्मदिन के अवसर पर रायगढ़ में भव्य फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी प्रसिद्ध छायाकार एवं समाजसेवी कमल शर्मा द्वारा, जेएसपी के कार्यपालक निदेशक सब्यसाची बंद्योपाध्याय के नेतृत्व में, जेएसपी रायगढ़ स्थित व्हाइट हाउस में आयोजित की गई है।
यह प्रदर्शनी सावित्री जिंदल के जीवन की पारिवारिक, सामाजिक और राजनीतिक तस्वीरों का एक अनूठा संग्रह है। इसमें उनके अब तक के सफर को दर्शाने वाली दुर्लभ और ऐतिहासिक तस्वीरें शामिल है, जो उनके व्यक्तित्व और समाज के प्रति योगदान को दर्शाती हैं।
प्रदर्शनी में जेएसपी कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीणजन और रायगढ़ शहर के विशिष्ट नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। सभी ने कमल शर्मा की उत्कृष्ट फोटोग्राफी की सराहना की। इससे पहले भी कमल शर्मा ने जेएसपी परिसर में नवीन जिंदल के जन्मदिन पर एक फोटो प्रदर्शनी लगाई थी, जिसमें उनके संयंत्र प्रवास, खेलकूद, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की झलक देखने को मिली थी।
सावित्री जिंदल: एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व:
सावित्री जिंदल का जन्म 20 मार्च 1950 को हुआ था। वे भारत की सबसे समृद्ध महिलाओं में से एक हैं और जिंदल समूह की पूर्व अध्यक्ष रही हैं। वे हरियाणा की पूर्व मंत्री और कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता भी रही हैं। अपने पति ओपी जिंदल के निधन के बाद उन्होंने व्यवसाय और राजनीति दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय नेतृत्व दिखाया।
उनकी अगुवाई में जिंदल समूह ने नए ऊंचाइयों को छुआ और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। वे शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई कार्यों में योगदान देती रही हैं। उनके विकास कार्यों में योगदान और जनता के बीच लोकप्रियता के चलते इस बार उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में हिसार विधानसभा चुनाव लड़ा और विजयश्री हासिल की। विधायक बनने के बाद उन्होंने भाजपा को समर्थन दिया।
प्रदर्शनी का उद्देश्य:
इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य सावित्री जिंदल के जीवन और उनके योगदान को लोगों तक पहुंचाना है। कमल शर्मा ने बताया कि यह आयोजन उनके जीवन की महत्वपूर्ण झलकियों को सामने लाने का एक प्रयास है, जिससे लोग उनके संघर्ष, समर्पण और सफलता से प्रेरणा ले सकें।
20 मार्च को सावित्री जिंदल का जन्मदिन है, जिसे लेकर जेएसपी रायगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनके सम्मान में लगाई गई इस फोटो प्रदर्शनी ने आयोजन को और भी खास बना दिया है।
