रायगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी शक्ति का जबरदस्त प्रदर्शन किया, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल रोड शो किया। हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति ने पूरे शहर को भगवा रंग में रंग दिया। प्रमुख चौकों पर ढोल-नगाड़ों, पटाखों और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया।

शक्ति गुड़ी चौक से मिनी माता चौक तक भाजपा की गूंज…
यह भव्य रोड शो शक्ति गुड़ी चौक से प्रारंभ हुआ और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ घड़ी चौक, हंडी चौक, सिटी कोतवाली, हटरी चौक, गद्दी चौक, सुभाष चौक, नगर निगम, ओवर ब्रिज, रामनिवास चौक, संजीवनी परिसर, गोपी टॉकीज और शहीद चौक से होता हुआ मिनी माता चौक में समाप्त हुआ। पूरे रास्ते में कार्यकर्ताओं ने जोश और उमंग के साथ “कमल छाप जिंदाबाद”, “निगम में खिलेगा फिर कमल”, और “चप्पा-चप्पा भाजपा” के नारे लगाए और पूरा शहर गूंज उठा।


हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं का महासैलाब…
जब भगवा गमछा पहने हजारों कार्यकर्ता विशाल काफिले के साथ निकले, तो यह नजारा देखने लायक था। हर तरफ भाजपा का जोश, समर्थन और विश्वास नजर आ रहा था। सड़कें भाजपा समर्थकों से पटी हुई थीं, और जगह-जगह ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और पटाखों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया।
भावुक हुए मुख्यमंत्री, रायगढ़ की जनता से मांगा समर्थन…
वार्ड नंबर 19 में रामनिवास टॉकीज चौक पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जीवर्धन चौहान के समर्थन में जनता से अपील की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा,
“यहां की जनता ने मुझे 20 सालों तक सांसद बनाकर अपना आशीर्वाद दिया। जब भी मैं यहां आता हूं, भावुक हो जाता हूं। रायगढ़ की जनता का प्यार और विश्वास ही मेरी असली ताकत है।”
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सुरेश गोयल और रायगढ़ के सभी भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान किया।

चाय दुकान पर पहुंचे मुख्यमंत्री, कार्यकर्ताओं को पिलाई चाय..
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने मिनी माता चौक पर जीवर्धन चौहान की चाय दुकान का दौरा किया। यहां उन्होंने चाय बनाने में मदद की और कार्यकर्ताओं को पिलाई और जनता से संवाद भी किया। उन्होंने जीवर्धन चौहान की तारीफ करते हुए कहा,
“भारतीय जनता पार्टी ने यहां से जीवर्धन चौहान को प्रत्याशी बनाया है। जीवर्धन आज भी अपनी आजीविका चाय बेचकर चलाते हैं। आज हमने इनकी चाय पी, जो बहुत ही मीठी थी। लेकिन उससे भी मीठी जीवर्धन चौहान की जुबान है।”


मीडिया से बोले मुख्यमंत्री: “रायगढ़ में भाजपा की लहर, कांग्रेस का सफाया तय”…
रोड शो के समापन के बाद छातामुड़ा चौक पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा,
“रायगढ़ में महापौर चुनाव के अलावा वार्डों में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित है, क्योंकि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है। भाजपा का यह रोड शो इस बात का प्रमाण है कि जनता विकास और सुशासन चाहती है, जिसे केवल भाजपा ही दे सकती है।”

भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह…
इस ऐतिहासिक रोड शो ने रायगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। पूरे शहर में भाजपा की ताकत का प्रदर्शन हुआ और चुनावी माहौल पूरी तरह से भगवा हो गया। इस शक्ति प्रदर्शन से साफ हो गया कि रायगढ़ में भाजपा मजबूत स्थिति में है और जनता का समर्थन पार्टी के साथ है।
रायगढ़ में यह रोड शो भाजपा के लिए न केवल एक चुनावी प्रचार था, बल्कि यह दर्शाता है कि पार्टी की पकड़ कितनी मजबूत है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह उत्साह मतदान में किस तरह बदलता है। क्या रायगढ़ की जनता भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से जीत दिलाएगी? यह आने वाला वक्त बताएगा।
















