रायगढ़। प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे रायगढ़ जिले के श्रद्धालुओं की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में यूपी बॉर्डर के पास बभनी मोड़ के करीब श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो वाहन को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान:
– अनिल प्रधान (37 वर्ष)
– लक्ष्मीबाई (30 वर्ष)
– ठाकुरराम (58 वर्ष)
– रुक्मणि बाई (56 वर्ष)
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को सोनभद्र जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री ने जताया शोक:
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही, रायगढ़ जिला प्रशासन को सोनभद्र प्रशासन से समन्वय स्थापित कर घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, रायगढ़ विधायक व वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त की और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
प्रशासनिक प्रयास और आगे की कार्रवाई:
रायगढ़ जिला प्रशासन हादसे की पूरी जानकारी जुटा रहा है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है। दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की जा रही है।
(अधिक जानकारी के लिए अपडेट जारी रहेगा…)
