रायगढ़। शहर के भगवान श्री परशुराम मंदिर परिसर में ब्राह्मण सेवा समिति के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा तथा मारवाड़ी ब्राह्मण महिला समिति की अध्यक्ष मीरा विजय शर्मा के नेतृत्व में ब्राह्मण समाज द्वारा हर्षोल्लास के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, महिला मंडल और बड़ी संख्या में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान श्री परशुराम जी की पूजा अर्चना के बाद एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सद्भाव व भाईचारे का संदेश दिया। पूरे मंदिर परिसर में उत्सव का रंगीन और आनंदमय वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान और सभापति डिग्री लाल साहू विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में समाज के सचिव आदित्य शर्मा, उपाध्यक्ष अमित शर्मा और कोषाध्यक्ष अरविंद शर्मा का विशेष योगदान रहा।

समिति की ओर से सभी अतिथियों और समाजजनों के लिए स्वल्पाहार तथा पारंपरिक ठंडाई की व्यवस्था भी की गई, जिसका सभी ने आनंद लिया।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व अध्यक्ष विजय वीरभान शर्मा ने सभी अतिथियों, समाजजनों और आयोजन में सहयोग करने वाले पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकता और सहभागिता से ही ऐसे आयोजन सफल होते हैं और भविष्य में भी सभी को समाज के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
होली मिलन समारोह के दौरान पूरे कार्यक्रम में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली, जिसने आयोजन को यादगार बना दिया।














