रायगढ़। एक बार फिर आस्था को ठेस पहुंचाने वाली घटना से रायगढ़ जिला सन्न है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 स्थित सार्वजनिक भगवान राम मंदिर में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ कर भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की प्रतिमाओं को नाली में फेंक दिया।
घटना का पता सुबह उस समय चला जब मोहल्लेवासी रोज की तरह मंदिर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए — मंदिर का दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर से भगवानों की प्रतिमाएं गायब थीं। आसपास खोजबीन की गई तो पास की नाली में टूटी हुई प्रतिमाएं मिलीं।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में रोजाना पूजा-अर्चना होती थी। 30 अक्टूबर की रात महिला समिति की महिलाएं मंदिर के पास भजन-कीर्तन कर लौटी थीं, और उसी रात यह घटना घटित हुई। सुबह मंदिर में पूजा करने पहुंचे श्रद्धालु जब यह नजारा देखा तो पूरे मोहल्ले में आक्रोश फैल गया।
मोहल्लेवासी एकजुट होकर घरघोड़ा थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह सिर्फ मूर्तिभंजन नहीं बल्कि सनातन आस्था और धार्मिक भावना पर सीधा प्रहार है।
थाना प्रभारी कुमार गौरव ने बताया कि मोहल्लेवासियों की शिकायत पर तुरंत जांच शुरू कर दी गई है। “मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी की पतासाजी की जा रही है। जल्द ही दोषी को गिरफ्तार किया जाएगा,”
स्थानीय निवासियों का कहना है: “यह सिर्फ प्रतिमा तोड़ने की बात नहीं, यह हमारी आस्था को ठेस पहुँचाने की साजिश है। हम चाहते हैं कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो।”
रायगढ़ जैसे शांत और धार्मिक शहर में इस तरह की घटना से लोगों में गहरा आक्रोश है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि माहौल शांत बना रहे।












