रायगढ़। आगामी दो दिवसीय नमो नारायणी उत्सव की तैयारियों के बीच मंगलवार को नमो नारायणी समिति, कोरबा के सदस्य रायगढ़ पहुंचे। उनका आगमन दादी मंदिर गांधी गंज में हुआ, जहाँ दादी समिति रायगढ़ की अध्यक्षा दर्पना सिंघल एवं संयोजिका आशा टाइटन ने पुष्पगुच्छ एवं दादी जी के दुपट्टे से आत्मीय स्वागत किया।
मंदिर परिसर में सर्वप्रथम दोनों समितियों के सदस्यों ने दादी जी के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना की और भक्तिभाव से सुमधुर भजनों का गायन किया। वातावरण भक्ति और उल्लास से गूंज उठा।
इस दौरान कोरबा से आए सदस्यों ने आगामी नमो नारायणी उत्सव (27 एवं 28 दिसम्बर) के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और रायगढ़ नगर व जिले के सभी श्रद्धालु दादी भक्तों को इस भव्य दो दिवसीय आयोजन के लिये हार्दिक आमंत्रण दिया।
दादी समिति रायगढ़ की ओर से किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत एवं सत्कार से अभिभूत नमो नारायणी समिति कोरबा के सदस्यों ने आभार व्यक्त किया। वहीं दादी समिति रायगढ़ ने आमंत्रण के लिये समिति को धन्यवाद देते हुए यह विश्वास दिलाया कि पूरी दादी समिति सपरिवार इस उत्सव में सहभागी बनेगी और उत्सव की शोभा बढ़ाएगी।
भक्ति, सौहार्द और समर्पण से भरा यह मिलन कार्यक्रम दोनों समितियों के बीच आध्यात्मिक एकता और सहयोग की मिसाल बन गया।














